Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

अप्रैल 2026 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत त्यौहार

अप्रैल 2026 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत त्यौहार

हर हर महादेव!!
लेखक:रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन।ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।
मैं आप सबको और आपके हृदय में विराजमान ईश्वर को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद करता हूं।
अंग्रेजी महीने के कैलेंडर के अप्रैल महीने में हिंदी विक्रम संवत पंचांग के अनुसार चैत्र और वैशाख का मिला-जुला का महीना होगा। चैत्र और वैशाख माह के अधिपति देवी देवताओं को नमन करते हुए आइए चर्चा आरंभ करते हैं अप्रैल 2026 के कुछ महत्वपूर्ण त्योहार के बारे में।
19 मार्च गुरुवार से विक्रम संवत 2083 शुरू हो चुका है। चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के दिन ही ब्रह्मा जी ने सृष्टि का आरंभ किया था। इसी दिन भगवान श्री हरि विष्णु जी का मत्स्य अवतार तथा सतयुग का आरंभ हुआ था। इस संवत्सर के राजा देवगुरु बृहस्पति हैं। आज के दिन पंचांग में लिखे वर्ष फल को पढ़ना चाहिए। घर-घर में कलश स्थापित कर माता भगवती की विधिवत पूजन आराधना करते हुए श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ करना चाहिए। 20 मार्च से 2 अप्रैल तक चैत्र शुक्ल पक्ष होगा। 3 अप्रैल से 17 अप्रैल तक वैशाख कृष्ण पक्ष होगा। यह पक्ष पूरे 15 दिनों का है। इस पक्ष के तीन शुक्रवार शुभ फल कारक हैं।

18 अप्रैल से 1 मई 2026 तक वैशाख शुक्ल पक्ष होगा। षष्ठी तिथि का क्षय हो जाने के कारण चौदह दिनों का ही है।

1 अप्रैल बुधवार को व्रत की पूर्णिमा है। आज दिन में 3:31 से सर्वार्थ सिद्धि योग आरंभ होगा।

2 अप्रैल गुरुवार को स्नान दान की पूर्णिमा होगी। दक्षिण मत के अनुसार आज संकट मोचन श्री हनुमान जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। काशी के संकट मोचन मंदिर में विशेष रूप से संगीत महोत्सव होगा।

आज इष्टि है। आज के दिन अपने घर के मंदिर में स्थापित देवी देवताओं को भोजन पकवान का भोग लगाने का विधान है।

3 अप्रैल शुक्रवार को ईसाई धर्म के अनुयायियों के लिए गुड फ्राइडे होगा।

आज के दिन भगवान श्री हरि विष्णु जी ने कच्छप अवतार धारण किया था। जिनके पीठ पर मंदराचल पर्वत को रखकर समुद्र मंथन किया गया था।

5 अप्रैल रविवार को संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा। आज ईसाई धर्मावलंबियों के लिए इस्टर का पवित्र त्यौहार होगा। आज के दिन ईसाई धर्म के संस्थापक ईसा मसीह पुनः जीवित होकर प्रकट हुए थे।

6 अप्रैल सोमवार को सती अनसूया का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।

10 अप्रैल शुक्रवार को श्री शीतला अष्टमी का व्रत होगा।

12 अप्रैल रविवार को वैशाखी का त्यौहार मनाया जाएगा। भारतवर्ष के पंजाब प्रांत में यह त्यौहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है।

13 अप्रैल सोमवार को वरुथिनी एकादशी का व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए सर्वमान्य होगा। आज श्री वल्लभाचार्य जी का जन्मोत्सव है।

14 अप्रैल मंगलवार को मेष संक्रांति है। उत्तर भारत में इसे सत्तू संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है। आज भगवान सूर्य मेष राशि में प्रवेश करेंगे। इसके साथ ही खरमास समाप्त हो जाएगा। सारे शुभ कार्यों के लिए मुहूर्त मिलने आरंभ हो जाएंगे।

15 अप्रैल बुधवार को प्रदोष व्रत होगा। आज मासिक शिवरात्रि का व्रत भी है।

17 अप्रैल शुक्रवार को स्नान-दान श्राद्ध की अमावस्या होगी।

18 अप्रैल शनिवार को चंद्र दर्शन होगा। आज इष्टि है। आज के दिन अपने घर के मंदिर में स्थापित देवी देवताओं को भोजन पकवान भोग लगाने का विधान है।

19 अप्रैल रविवार को भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। हिंदी पंचांग के तिथि के अनुसार आज छत्रपति शिवाजी की जयंती मनाई जाएगी।

ज्योतिषीय गणना के अनुसार 19 अप्रैल रविवार को तृतीया तिथि सुबह 10:49 से प्रारंभ होगी। जिसके कारण पूरे दिन अर्थात पूर्वाह्न मध्याह्न और अपराह्न तृतीया तिथि व्याप्त रहेगी। जिसके कारण आज के दिन ही अक्षय तृतीया का त्यौहार मनाया जाएगा। क्योंकि 20 अप्रैल की सुबह 7:27 तक ही तृतीया तिथि रहेगी। उसके बाद चतुर्थी तिथि लग जाएगी। जिसके कारण अक्षय तृतीया का त्यौहार 20 अप्रैल को मनाना उचित नहीं होगा।

महत्व: अक्षय तृतीया को "अबूझ मुहूर्त" माना जाता है, जिसका अर्थ है कि इस दिन किसी भी शुभ कार्य (जैसे विवाह, गृह प्रवेश, या नया व्यवसाय) के लिए विशेष मुहूर्त देखने की आवश्यकता नहीं होती।

इस दिन सोना खरीदना, दान-पुण्य करना और भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की पूजा करना अत्यंत लाभकारी माना जाता है।

20 अप्रैल सोमवार को वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा।

आज के ही दिन भगवान श्री हरि विष्णु का हयग्रीव अवतार हुआ था। जिसके कारण आज हयग्रीव जयंती मनाई जाएगी‌।

21 अप्रैल मंगलवार को आद्य जगद्गुरु श्री शंकराचार्य जी की जयंती मनाई जाएगी। आज ही भगवान श्री कृष्ण के परम भक्त सूरदास जी की भी जयंती है। आज महान संत श्री रामानुजाचार्य जी की भी जयंती है। आज के ही दिन श्री सोमनाथ की स्थापना की गई थी। आज सोमनाथ प्रतिष्ठा दिवस की है।

22 अप्रैल बुधवार को पृथ्वी दिवस मनाया जाएगा। पहला पृथ्वी दिवस 22 अप्रैल 1970 को मनाया गया था और इसे आधुनिक पर्यावरण आंदोलन की शुरुआत का श्रेय दिया जाता है। पृथ्वी दिवस अब 190 से मनाया जाता है।

23 अप्रैल गुरुवार को श्री गंगा सप्तमी मनाई जाएगी। आज के ही दिन दोपहर के समय गंगा जी की उत्पत्ति हुई थी। जहां-जहां मां गंगा की धारा बहती है, सर्वत्र आज गंगा पूजन धूमधाम से किया जाएगा।

24 अप्रैल गुरुवार को श्री दुर्गा अष्टमी व्रत होगा। आज माता श्री बगलामुखी की जयंती है।

25 अप्रैल शनिवार को श्री सीता नवमी है। वैष्णव मत के अनुसार आज के दिन दोपहर के समय माता जानकी का जन्म हुआ था।

27 अप्रैल सोमवार को मोहिनी एकादशी का व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए सर्वमान्य होगा।

29 अप्रैल बुधवार को प्रदोष व्रत होगा।

30 अप्रैल गुरुवार को श्री नरसिंह चतुर्दशी का व्रत होगा। आज के दिन ही प्रदोष काल में भगवान श्री नरसिंह ने हिरण्यकशिपु का वध करने के लिए अवतार लिया था।

विशेष टिप्पणी:

14 अप्रैल मंगलवार को दिन के 11:25 पर भगवान सूर्य अश्विनी नक्षत्र और मेष राशि में प्रवेश करेंगे। इसे मेष संक्रांति अथवा सत्तू संक्रांति के नाम से जाना जाता है। इसका पुण्यकाल दिन भर रहेगा। सत्तू का दान करना, ऋतु फल, पंखा, जल पूर्ण घड़े का दान करना शुभ माना जाता है। इस वर्ष के मंत्री मंगल देव बनते हैं। 14 अप्रैल से खरमास समाप्त हो जाएगा और शुभ कार्य के लिए मुहूर्त मिलने लगेंगे। मंगलवार के दिन मेष संक्रांति होने के कारण गर्मी अपनी चरम सीमा पर होगी। प्रचंड लू के साथ तापमान बढ़ जाएगा।

वैशाख शुक्ल पक्ष 28 अप्रैल से 1 मई तक रहेगा। षष्ठी तिथि का क्षय हो जाने के कारण यह पक्ष 14 दिनों का होगा। शनिवार के दिन भरणी नक्षत्र में चंद्र दर्शन होने के कारण दैनिक उपभोग में आने वाली वस्तुओं के मूल्य बढ़ जाएंगे। महंगाई बढ़ेगी। 27 अप्रैल सोमवार को रात 3:56 पर भगवान सूर्य भरणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। 20 अप्रैल से 25 अप्रैल एवं 28 अप्रैल के आसपास आंधी तूफान तथा बूंदाबांदी के साथ वर्षा के योग बन रहे हैं। किसी दैवी प्राकृतिक दुर्घटना, आपदा की संभावना बन रही है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ