कलकत्ता में हिंदू राष्ट्र गोष्ठी का भव्य आयोजन, संस्कारवान पीढ़ी से राष्ट्र निर्माण पर मंथन

कलकत्ता। लेक टाउन अपार्टमेंट, जेसोर रोड, कलकत्ता में हिंदू समाज के संगठन और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण हिंदू राष्ट्र गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य गोवर्धन पीठाधीश्वर महाराज जी के कृपापात्र शिष्य श्री प्रेमचंद्र झा ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं परिवारजन उपस्थित रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री प्रेमचंद्र झा जी ने गोवर्धन मठ पुरी से संचालित धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गोवर्धन मठ केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शन ही नहीं करता, बल्कि समाज को धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभाव से जोड़ने का कार्य भी निरंतर कर रहा है।
श्री झा ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि हिंदू समाज को संगठित करने के लिए केवल भाषण पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि सेवा, सत्संग और स्वाध्याय के माध्यम से घर-घर संपर्क आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक क्षेत्र में साप्ताहिक गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को जोड़ा जाए, ताकि समाज में जागरूकता और एकता का भाव मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि भव्य और सशक्त भारत के निर्माण की नींव बच्चों के संस्कारों पर निर्भर करती है। आज के दौर में पश्चिमी सभ्यता और भौतिकवाद का प्रभाव बच्चों पर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे वे अपनी संस्कृति और परंपराओं से दूर हो रहे हैं। ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को बचपन से ही भारतीय संस्कृति, धर्म, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम से जोड़ें।
गोष्ठी के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे समाज में जागरूकता फैलाकर भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कराने की दिशा में संगठित और शांतिपूर्ण प्रयास करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि हिंदू राष्ट्र की अवधारणा किसी के विरुद्ध नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और मूल्यों की रक्षा के लिए है।
गोष्ठी की आयोजक श्रीमती पिंकी शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि पूज्य शंकराचार्य जी महाराज द्वारा चलाए जा रहे अभियान को जन-जन तक पहुँचाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी से ही यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री मनोज शर्मा, श्रीमती कविता सरावगी, सुनीता चोकाने, कमला गोयल, सोनिया तिवारी, संवी तिवारी, वनिया तिवारी, देवांशी सरावगी, प्रियांशी सलावुगी, मीना खेतान, नीलम शर्मा, प्रथम शर्मा, नीरज झा, पूनम दागा एवं सीमा जी की सक्रिय भूमिका रही।
अंत में गोष्ठी का समापन राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा हेतु निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com